Welcome to Teesri Ankh 100 NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to Teesri Ankh 100 NEWS
छत्तीसगढ़

बस स्टैंड बालोद में जलभराव को लेकर नपा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष धरने पर बैठे, एनएच विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप

बस स्टैंड बालोद में जलभराव को लेकर नपा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष धरने पर बैठे, एनएच विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप

बालोद | 12 अप्रैल 2026

बालोद शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर आज रविवार को नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी और उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने एनएच विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। तपती धूप के बीच दोनों जनप्रतिनिधि पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों और बस स्टैंड के व्यापारियों के साथ धरने पर बैठ गए और विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

बताया गया कि एनएच विभाग द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क एवं नाली निर्माण का कार्य किया गया था, लेकिन यह कार्य लापरवाहीपूर्वक और त्रुटिपूर्ण तरीके से किया गया। इसके कारण हर वर्ष बारिश के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है, वहीं आम नागरिकों को भी आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार एनएच विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है और जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने कहा कि बस स्टैंड शहर का प्रमुख क्षेत्र है, जहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में नाली निर्माण में हुई त्रुटियों के कारण बारिश के समय पूरा क्षेत्र जलमग्न हो जाता है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

धरने के दौरान जनप्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि जब इस संबंध में एनएच विभाग के एसडीओ से चर्चा की गई तो उनके द्वारा लापरवाहीपूर्ण व्यवहार किया गया। इससे जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों में नाराजगी और बढ़ गई। उन्होंने कहा कि अफसरशाही इस कदर हावी हो चुकी है कि जनता की आवाज को अनसुना किया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।

धरने में भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, महामंत्री नरेंद्र सोनवानी, पार्षद गिरजेश गुप्ता, बंटी शर्मा, आशा पटेल, वैभव राखेचा, कमल बजाज, महेश पाठक, पिंटू सारथी, युसुफ खान, जागेश्वर ढीमर, शरद गुप्ता, राजेश बाफना, लालू सेलवानी सहित बस स्टैंड के समस्त व्यापारी उपस्थित रहे।

धरने पर बैठे जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने एनएच विभाग से जल्द सुधार कार्य करने, नाली निर्माण की त्रुटियों को दूर करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!