संजय बैंस के प्रयास से पीड़ित को मिला न्याय बैंक ने लौटाई काटी गई राशि ।*
*संजय बैंस के प्रयास से पीड़ित को मिला न्याय बैंक ने लौटाई काटी गई राशि ।*
बैंक की मनमानी और सिस्टम की लापरवाही के खिलाफ अगर कोई आम आदमी अकेला खड़ा हो जाए तो उसे न्याय मिलना मुश्किल हो जाता है। लेकिन जब जनप्रतिनिधि और शासन की हेल्पलाइन साथ दे तो बड़े-बड़े बैंक भी झुक जाते हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण दल्लीराजहरा क्षेत्र में देखने को मिला।
पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस के अथक प्रयास और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की त्वरित कार्रवाई से यूको बैंक कुसुमकसा शाखा को पीड़ित खाताधारक के खाते से अवैध रूप से काटे गए 19400 रुपये वापस लौटाने पड़े।
*क्या था पूरा मामला:*
ग्राम सुअरबोड़, पोस्ट भैंसबोड़ निवासी रोशन दास पिता छवि दास ने 2 अगस्त 2021 को रोजगार के लिए यूको बैंक कुसुमकसा से मुद्रा लोन के तहत 30 हजार रुपये का लोन लिया था। गुपचुप का व्यवसाय कर उन्होंने 8 अगस्त 2024 को लोन की पूरी राशि जमा कर दी और बैंक से एनओसी भी प्राप्त कर ली।
इसके बाद रोशन दास नौकरी के लिए अन्यत्र चले गए। फरवरी 2026 में उनके खाते में कंपनी से 9789 रुपये वेतन आया। यहीं से बैंक की मनमानी शुरू हुई।
बैंक प्रबंधक ने 5 और 6 मार्च 2026 को “अज्ञात बीमा योजना” के नाम पर एक ही दिन में 30 किस्तों के रूप में 9659 रुपये काट लिए। अप्रैल 2026 में जब कंपनी ने 2 माह का वेतन 12249 रुपये डाला तो 7 मई को फिर 9842 रुपये काट लिए गए।
9 जून 2026 को तो हद ही हो गई। एक ही दिन में खाते से 4500 रुपये, 473 रुपये 69 पैसे, 420 रुपये और 4398 रुपये – कुल 4 बार में राशि काट ली गई। इस तरह लगभग 23000 रुपये से अधिक की कटौती कर दी गई।
*बैंक ने साफ मना किया:*
पीड़ित रोशन दास ने जब प्रबंधक से पूछा तो जवाब मिला कि “ये लोन की राशि है, वापस नहीं होगी”। जबकि उनके पास एनओसी मौजूद थी। ग्राम के भाजपा जनप्रतिनिधि गोपाल राम साहू ने भी बैंक से बात की, लेकिन बैंक अड़ा रहा।
*संजय बैंस बने सहारा:*
थक हारकर पीड़ित संजय बैंस के पास पहुंचा। संजय बैंस ने पहले बैंक प्रबंधक से मिलकर समाधान निकालने की कोशिश की। जब वहां से कोई संतुष्ट जवाब नहीं मिला तो उन्होंने तुरंत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के कुछ ही दिनों में असर दिखा। बैंक ने पीड़ित के खाते में 19400 रुपये वापस जमा कर दिए। अभी भी 3600 रुपये बकाया हैं जिसे लेकर भी प्रयास जारी हैं।
*पीड़ित और जनप्रतिनिधि ने क्या कहा:*
रोशन दास ने कहा कि “अगर संजय भैया और सीएम हेल्पलाइन नहीं होती तो मेरा पैसा कभी वापस नहीं आता। मैं तहेदिल से धन्यवाद करता हूं।”
संजय बैंस ने कहा कि “ये आम जनता की जीत है। मैं क्षेत्रवासियों से अपील करता हूं कि बैंक, पटवारी, बिजली या किसी भी सरकारी समस्या के लिए आप सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर फोन करें। वहां 24 घंटे शिकायत दर्ज होती है। जिस तरह रोशन दास को न्याय मिला है, उसी तरह हर पीड़ित को न्याय मिलेगा। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का भी आभार व्यक्त करता हूं।”
*क्या है सीएम हेल्पलाइन 1076:*
राज्य सरकार की ये हेल्पलाइन आम जनता की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए बनाई गई है। यहां फोन कर आप भ्रष्टाचार, बैंकिंग समस्या, सरकारी योजनाओं से जुड़ी कोई भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।



