विश्व स्तनपान सप्ताह पर मुंदेरा में निकली जागरूकता रैली, माताओं को बताए स्तनपान के फायदे



विश्व स्तनपान सप्ताह पर मुंदेरा में निकली जागरूकता रैली, माताओं को बताए स्तनपान के फायदे
गुंडरदेही। विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अवसर पर विकासखंड गुंडरदेही के ग्राम मुंदेरा में आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य माताओं एवं ग्रामीणों को शिशुओं के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
जागरूकता रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, गर्भवती एवं धात्री माताओं सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां एवं बैनर लेकर गांव में भ्रमण किया और ग्रामीणों को नवजात शिशुओं के लिए मां के दूध के महत्व की जानकारी दी।
इस दौरान माताओं को बताया गया कि बच्चे के जन्म के बाद यथाशीघ्र मां का पहला गाढ़ा पीला दूध, जिसे कोलोस्ट्रम कहा जाता है, शिशु को जरूर पिलाना चाहिए। यह नवजात के लिए पोषण एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होता है। साथ ही शिशु के शुरुआती महीनों में केवल मां का दूध पिलाने के महत्व के बारे में भी माताओं को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से माताओं से अपील की गई कि वे शिशु के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और विकास के लिए स्तनपान को लेकर जागरूक रहें तथा परिवार एवं समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत मुंदेरा की सरपंच श्रीमती प्रीती ग्वालियर, पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, बड़ी संख्या में माताएं तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



