डौंडीलोहारा – सुरसुली जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश*

डौंडीलोहारा – सुरसुली
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश* 
डौंडीलोहार -: डौंडीलोहारा विकास खण्ड में लोगों का आस्था का केंद्र पर्यटन स्थल माँ नर्मदा धाम ग्राम पंचायत सुरसुली में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के नियमों का पालन कराने कार्यक्रम आयोजित कर चार प्रकार के डिब्बे का प्रयोग करने प्रेरित किया गया। स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल ग्रामों के निर्माण तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज माँ नर्मदा धाम पर्यटन स्थल, ग्राम पंचायत सुरसुली में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमदान किया तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मां नर्मदा धाम पर्यटन स्थल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्टों का पृथक्करण, संग्रहण तथा वैज्ञानिक निस्तारण संबंधी गतिविधियाँ संपादित की गईं। साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी नारायण बंजारा ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए ग्राम पंचायतों में स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण, नियमित संग्रहण, पुनर्चक्रण एवं वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष श्रीमती कांति प्रकाश सोनबरसा ने कहा कि “स्वच्छता केवल शासन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। माँ नर्मदा धाम जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थल की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल ग्रामों का निर्माण संभव है।”
मुख्य कार्यपालन अधिकारी नारायण बंजारा ने अपने संबोधन में कहा कि “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का उद्देश्य केवल कचरे का निस्तारण नहीं, बल्कि लोगों में स्थायी व्यवहार परिवर्तन लाना है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण, नियमित संग्रहण तथा वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए जनपद पंचायत द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।” जनपद उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) को सफल बनाने स्वच्छाग्रही समूह का योगदान किसी से छुपा नहीं नहीं है। लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इस अभियान को आगे बढ़ाने आप सभी का साथ आवश्यक है। कचरा संग्रहण करने स्वच्छाग्रही समूह जब आपके घर पहुंचते हैं तो उसे चार प्रकार के डिब्बे में पृथक किये गये कचरे को प्रदान करें। कचरा संग्रहण करने वाले स्वच्छा ग्रहियों का सम्मान जब हमारे प्रधान मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा किया जाता है तो उनका अनुशरण हमें भी करना चाहिए। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के संकुल समन्वयक गौतम सिन्हा ने बताया कि 120 ग्राम पंचायत में एक साथ एसडब्ल्यूएम नियम 2026 का व्यापक प्रचार प्रसार करने में स्वच्छा ग्रही समूह निरंतर लगे हुए हैं। चरण बद्ध तरीके से कार्य कर रही है। व्यक्तिगत शौचालय का उपयोग करने व्यवहार परिवर्तन की दिशा में कार्य करने का चुनौती पूर्ण कार्य को भी स्वच्छा ग्रही समूह ने बखूबी निभाया है। अब चार प्रकार के डिब्बे का उपयोग करने करने लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। जिले में आगामी दिनों में भी विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती कांति प्रकाश सोनबरसा, जनपद उपाध्यक्ष श्री जयलाल मालेकर, जनपद सदस्य श्री उत्तम कुमार यदु, श्रीमती टीकम बरसन निषाद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नारायण बंजारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों की उपस्थिति रही सरपंच ग्राम पंचायत सुरसुली ने आभार व्यक्त किया



