गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम बोरगहन फु में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राही’

गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम बोरगहन फु में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन
शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राही’
मौके पर 1462 आवेदनों का किया गया निराकरण
बालोद, 09 जून 2026
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम बोरगहन फु में आज जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम बोरगहन फु में आज आयोजित शिविर में ग्राम पंचायत बोरगहन फु सहित कलस्टर में शामिल आसपास के ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके अंतर्गत आज बोरगहन फु में आयोजित शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, पूर्व विधायक श्री वीरेन्द्र साहू, एसडीएम श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा, जनपद अध्यक्ष श्री पुरूषोत्तम चंद्राकर, जनपद उपाध्यक्ष श्री नीतेश मोंटी यादव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कांति सोनेश्वरी एवं अन्य अतिथियों के द्वारा ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को कृषि विभाग अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मत्स्य पालन प्रसार योजना अंतर्गत जाल का वितरण किया गया। इसी तरह समाज कल्याण विभाग अंतर्गत श्रवण यंत्र एवं छड़ी, बैटरी चलित ट्राय सायकिल, स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख पत्र का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास निर्माण पूर्णता प्रमाण पत्र एवं खाद्य विभाग द्वारा नवीन राशन कार्ड का वितरण किया। इसके अलावा शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु मेडिकल बोर्ड लगाया गया था। इस दौरान मेडिकल बोर्ड में शामिल विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने पहुँचे दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। ग्राम बोरगहन फु में आयोजित शिविर में आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 1590 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 1462 आवेदनों को मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने आम नागरिकों को सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केेन्द्र व राज्य सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सुशासन तिहार के दौरान शासन-प्रशासन के लोग आम जनता के बीच पहुँचकर इनके वास्तविक समस्याओं का पड़ताल कर रहे हैं। इसके अलावा सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविरों में ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने के अलावा उनके मांगों एवं समस्याओं का समुचित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। जनपद अध्यक्ष श्री पुरूषोत्तम चंद्राकर ने ग्राम बोरगहन फु में सुशासन तिहार के अंतर्गत आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के बेहतर आयोजन की सराहना की। उन्होंने आम नागरिकों से शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की भी अपील की। इस अवसर पर शिविर में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में सभी विभाग के अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ आम जनता से प्राप्त आवेदनों का समुचित निराकरण भी सुनिश्चित करने को कहा। इस मौके पर विभिन्न विभागों के द्वारा शिविर में आज अपने-अपने विभागों से संबंधित कुल आवेदन एवं उनके निराकरण की स्थिति के अलावा आम नागरिकों को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि बोरगहन फु में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम चारभाठा, पेण्ड्री, कलंगपुर, बोरगहन फु, बोदल, रजोली, मोखा, परसदा मो, कजराबांधा, बरबसपुर, खपरी ब, कुथरेल, अचैद, भूसरेंगा, सतमरा, चिचबोड़, हल्दी, बेलौदी और सियनमरा ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बोरगहन फु शिविर में आज पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 1012 आवेदन, ऊर्जा विभाग के 88 आवेदन, राजस्व विभाग के 66 आवेदन, महिला एवं बाल विकास विभाग के 69 आवेदन, खाद्य विभाग के 118, समाज कल्याण विभाग के 73, कृषि विभाग के 30 आवेदन सहित विभिन्न विभागों से कुल 1590 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें से कुल 1462 आवेदनों का निराकरण किया गया।



